BPSC अभ्यर्थियों को मनाने धरनास्थल पहुंचे थे अधिकारी
नहीं निकल पाया कोई रास्ता
BPSC अभ्यर्थियों ने अधिकारियों को उल्टे पांव लौटाया
पटना: राजधानी पटना की गर्दनीबाग धरना स्थल पर चल रहे बीपीएससी अभ्यार्थियों को मनाने के लिए SDM, DSP और ADM पहुंचे. उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को BPSC अधिकारियों से मिलवाने की बात कही, जिससे छात्रों ने इनकार कर दिया.
आप को बता दे कि शनिवार को सदर एसडीएम गौरव कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों का डेलिगेशन पहुंचा. अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से कहा कि पांच लोगों की टीम बनाइए. इनके माध्यम से आपकी बातों को अंजाम तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा.
उसके बाद पांच अभ्यर्थियों की टीम भी बन गई, लेकिन जब एसडीएम से पूछा गया कि कहां जाना है तो एसडीएम ने कहा कि आयोग के अध्यक्ष से इन्हें मिलवाया जाएगा. इसके बाद अभ्यर्थी नाराज हो गए और कहे कि उन्हें सिर्फ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलना है और इसके अलावा वह किसी से नहीं मिलेंगे.
जिसके बाद एसडीएम, डीएसपी और एडीएम गर्दनीबाग धरना स्थल से लौट चुके हैं. BPSC अभ्यर्थियों से बातचीत के दौरान कोई रास्ता नहीं निकल पाया है. अभ्यर्थियों का कहना है कि हमारा प्रतिनिधिमंडल बीपीएससी अधिकारियों से मिलने उनके दफ्तर नहीं जाएगा. उन्हीं लोगों ने परीक्षा में गड़बड़ी करायी है, इसलिए उनसे क्यों मिले. अभ्यर्थियों ने कहा कि हमारा प्रतिनिधिमंडल बीपीएससी एग्जाम रद्द करवाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलना चाहता है.
मुख्यमंत्री से मिले पटना जिला अधिकारी
धरनास्थल पर पटना सदर के SDM गौरव कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि उन्होंने(छात्रों ने) 5 लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल बना लिया है. हम इनका ज्ञापन BPSC में देंगे, इनकी जो भी शिकायतें हैं उसकी जांच करके वाजिब समय के भीतर जबाव दिया जाएगा. वहीं गर्दनीबाग धरना स्थल से लौटने के बाद पटना के जिला अधिकारी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे. जहां उन्होंने बीपीएससी अभ्यर्थियों से हुई बातचीत और उनकी मांगों की जानकारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दी.
बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को बीपीएससी के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार ने साफ तौर पर कह चुके हैं कि परीक्षा रद्द नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि बीपीएससी पर बहुत दवाब दिया जा रहा है लेकिन हम दवाब में आने वाले नहीं है. अभ्यर्थियों को लोग दिग्भ्रमित करने में लगे हैं लेकिन बीपीएससी अपने फैसले पर कायम है कि बापू परीक्षा केंद्र के अलावा किसी भी सेंटर की परीक्षा रद्द नहीं होगी.





