पटना। जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बीपीएससी छात्रों के साथ मार्च निकालने को लेकर बड़ा बयान दिया है। शेखपुरा हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में हर दूसरे दिन छात्रों पर लाठियां चलाई जा रही हैं। सरकार इस पर आंख मूंदे बैठी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब से जन सुराज अभियान बीपीएससी छात्रों के हर प्रदर्शन में उनके साथ खड़ा रहेगा।
प्रशांत किशोर ने कहा, “अगर छात्र लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं, तो सरकार को उनसे बातचीत करनी चाहिए और उनकी समस्याओं को समझना चाहिए। लेकिन, लाठीचार्ज करना सरकार को किसने सिखाया? यह पूरी तरह से अलोकतांत्रिक है और इसका हम कड़ा विरोध करते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि अब जब भी छात्र प्रदर्शन करेंगे, जन सुराज के साथी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे। प्रशांत किशोर ने चुनौती देते हुए कहा, “हम भी देखना चाहते हैं कि पुलिस लाठी कैसे चलाती है। अगर लाठी चलेगी, तो इसके परिणाम उन्हें भुगतने होंगे।”
गौरतलब है कि हाल के दिनों में बीपीएससी छात्रों ने परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं और प्रक्रियागत समस्याओं के खिलाफ प्रदर्शन तेज कर दिया है। लेकिन सरकार के रवैये से छात्र नाराज हैं। प्रशांत किशोर ने छात्रों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त कर सरकार को चेतावनी दी है कि जन आक्रोश को दबाना अब संभव नहीं होगा।
छात्रों के प्रति प्रशांत किशोर की इस प्रतिक्रिया ने राज्य की सियासत में हलचल मचा दी है। अब देखने वाली बात यह होगी कि सरकार और प्रशासन इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाते हैं।






