Bole Bharat Times, Bhojpur: बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बुधवार को कार्यकर्ता संवाद यात्रा के तहत बक्सर पहुंचे थे। वापसी के दौरान उन्होंने आरा के बिहिया में रुककर किसानों से मुलाकात की और सीधे सरसों के खेतों में जाकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा और किसानों, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर तीखा हमला किया।
किसानों के लिए बड़े वादे
तेजस्वी यादव ने सरसों के खेतों की ओर इशारा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा, “न तो एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) बढ़ाई गई और न ही किसानों को पर्याप्त खाद मिल रहा है। सरकार केवल वादे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है।”
तेजस्वी ने किसानों से वादा किया कि अगर उनकी सरकार बनी, तो किसानों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “हम एमएसपी को बढ़ाएंगे और मंडी व्यवस्था को सुधारेंगे, ताकि किसानों को उनके फसलों का उचित दाम मिल सके।”

बिहार सरकार पर भी हमला
केंद्र सरकार के साथ-साथ तेजस्वी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “बिहार में अपराधी बेलगाम हो गए हैं। अधिकारी जनता की बात नहीं सुनते। बेरोजगारी चरम पर है और सरकार के पास कोई ठोस योजना नहीं है।” तेजस्वी ने नीतीश कुमार की सरकार को “असफल” करार देते हुए कहा कि बिहार की जनता अब बदलाव चाहती है।

लालू यादव की झलक
बिहिया में तेजस्वी यादव का अंदाज उनके पिता और राजद सुप्रीमो लालू यादव की याद दिलाता है। खेतों में जाकर किसानों से सीधे संवाद करना और उनकी समस्याओं को सुनना लालू यादव के अंदाज को दर्शाता है। तेजस्वी ने न केवल किसानों के मुद्दों को उठाया, बल्कि अपने व्यवहार से कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों का दिल जीत लिया।
कार्यकर्ता संवाद यात्रा में उत्साह
तेजस्वी यादव की कार्यकर्ता संवाद यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल हो रहे हैं। यात्रा का उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और आम जनता के बीच अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराना है।






