NCP के प्रदेश कार्यालय को जिला प्रशासन ने कराया खाली, पार्टी का आरोप- बिना नोटिस की कार्रवाई
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा ‘मुस्लिम हूं इसलिए…’
BIHAR POLITICS – जिला प्रशासन और पुलिस ने गुरुवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी(शरद पवार गुट) के प्रदेश कार्यायल को खाली करा दिया। इस दौरान पार्टी का सारा सामान परिसर में रखवा दिया गया। वही पार्टी ने इस कार्रवाई को लेकर सरकार पर सवाल उठाया है।
पटनाः राजधानी पटना में स्थित राष्ट्रवादी
कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के प्रदेश कार्यालय को भवन निर्माण विभाग ने जबरन खाली करवा लिया है। बताया जा रहा है कि एनसीपी (शरद पवार) गुट का राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा खत्म होने के बाद कार्यालय खाली करने के लिए भवन निर्माण विभाग ने कई बार नोटिस दिया था। बार बार नोटिस देने के बावजूद कार्यालय खाली नहीं करने पर गुरुवार को भवन निर्माण विभाग के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ कार्यालय पहुंच कर जबरन कार्यालय खाली करवाया। टीम ने कार्यालय से सारा सामान बाहर निकाल दिया।
इस मामले में एनसीपी (पवार) के प्रदेश अध्यक्ष ने मनमाने ढंग से कार्यालय खाली करवाने का आरोप लगाया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मो राहत कादरी ने कहा कि हमें कोई नोटिस नहीं दी गई। कहीं से मुझे पता चला था कि हमारा कार्यालय खाली करवाया जा सकता है तो मैंने पटना के जिलाधिकारी से बात भी की थी। जिलाधिकारी ने मुझे आश्वासन दिया था कि कोई हल निकाला जायेगा। अब अचानक आज पुलिस बल के साथ टीम कार्यालय खाली करवाने पहुंची है और जब मैं जिलाधिकारी को फोन कर रहा हूं तो वे मेरा फोन नहीं उठा रहे हैं।





