पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं प्रिलिम्स परीक्षा को रद्द कराने की मांग का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। जानकारी के मुताबिक, याचिका में BPSC प्रिलिम्स परीक्षा रद्द करने की मांग की गई है। याचिका में प्रदर्शनकारी छात्रों पर किए गए लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार जिले के एसपी और डीएम के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की गई है।
याचिका में व्यापक धांधली का आरोप लगाया गया है और इसकी जांच सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में सीबीआई से कराए जाने की मांग की गई है। याचिकाकर्ता के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री से इस मामले पर जल्द सुनवाई की अपील की गई है। रजिस्ट्री ने आश्वासन दिया है कि यह मामला मंगलवार, 7 जनवरी को सुनवाई के लिए उचित बेंच के सामने लिस्ट किया जाएगा।
बीपीएससी परीक्षा पर विवाद और निरीक्षक की मौत
दरअसल, बिहार में 70वीं बीपीएससी परीक्षा को लेकर घमासान मचा हुआ है। बीते साल 13 दिसंबर को बिहार के नौ सौ से अधिक परीक्षा केंद्रों पर बीपीएससी की परीक्षा आयोजित की गई थी, लेकिन पटना के बापू परीक्षा केंद्र पर पेपर बांटने में देरी के आरोप को लेकर अभ्यर्थियों ने भारी हंगामा कर दिया। इस दौरान परीक्षा केंद्र पर तैनात निरीक्षक राम इकबाल सिंह को दिल का दौरा पड़ा और उनकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद अभ्यर्थियों के आक्रोश और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर कई सवाल उठे हैं। निरीक्षक की मौत ने परीक्षा प्रक्रिया पर गहरा धक्का पहुंचाया है। अब इस मामले की गंभीरता को देखते हुए परीक्षा की प्रक्रिया और केंद्रों पर तैनात कर्मियों की जिम्मेदारी को लेकर जांच की मांग जोर पकड़ रही है।






