बांका: बिहार के बांका जिले में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। शंभूगंज थाना परिसर के हाजत से बुधवार की शाम एक शातिर चोर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस घटना के बाद थाना परिसर में हड़कंप मच गया। थानेदार से लेकर चौकीदार तक सभी चोर की तलाश में जुट गए, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।
मंगलवार की रात गढ़ी मोहनपुर निवासी रवि कुमार नामक चोर को ग्रामीणों ने चोरी करते रंगे हाथ पकड़ा था। यह घटना कुर्मा उच्च विद्यालय के पास खलिहान में घटी, जहां धान की चोरी हो रही थी। चोर को ग्रामीणों ने ग्राम कचहरी में सौंप दिया और बाद में डायल 112 और पुलिस को बुलाकर उसे थाने के हवाले कर दिया।
“चोर को हमने पुलिस के सुपुर्द किया था। इसके बावजूद उसका हाजत से भाग जाना गंभीर लापरवाही है।”
– सत्येंद्र सिंह, ग्रामीण
चोर की निशानदेही पर असरगंज के एक व्यापारी विजय साह के गोदाम से चोरी का 26 बोरी धान भी बरामद हुआ था। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी, लेकिन चोर का हाजत से भाग जाना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है।
नव वर्ष के जश्न में मगन थे पुलिसकर्मी
घटना के समय थाना परिसर में नव वर्ष का जश्न मनाया जा रहा था। पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी छोड़कर उत्सव में व्यस्त थे। इसी बीच, शौच का बहाना बनाकर चोर हाजत से बाहर निकला और पुराने ब्लॉक परिसर के रास्ते फरार हो गया।
ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस पर उठे सवाल
हाजत से चोर के फरार होने की खबर मिलते ही इलाके के ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सरपंच और अन्य लोग थाने पहुंचकर पुलिस की लापरवाही पर सवाल खड़े करने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पुलिस ने सतर्कता दिखाई होती, तो चोर भाग नहीं पाता।
ड्यूटी में लापरवाही पर होगी कार्रवाई: एसडीपीओ
इस घटना को लेकर बांका एसडीपीओ विपिन बिहारी ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।
“थानाध्यक्ष से सूचना मिली है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।”
– विपिन बिहारी, एसडीपीओ, बांका
इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली और सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरी के मामले में बरामदगी के बावजूद चोर का फरार हो जाना ग्रामीणों के विश्वास को ठेस पहुंचा रहा है। अब देखना यह है कि पुलिस इस मामले में क्या ठोस कदम उठाती है।
सबसे पहले खबर पाने के लिए Whatsapp Group में जुड़े- क्लिक करें






