पटना। बिहार में ठंड का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी पटना में कड़ाके की सर्दी और शीतलहर के मद्देनजर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी (डीएम) ने आदेश जारी करते हुए 8वीं कक्षा तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को अगले आदेश तक बंद रखने का निर्देश दिया है।
डीएम ने वर्ग 8 से ऊपर के विद्यालयों में सुबह 9 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक खोलने के आदेश दिया है। 6 जनवरी से 11 जनवरी 2025 तक यह नियम लागू रहेगा। आदेशों की अवकलन करने वाले पर करवाई की जाएगी।
बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। ठंड और शीतलहर की वजह से पटना सहित राज्य के अन्य जिलों में भी सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है।
स्कूल प्रबंधन को आदेश दिया गया है कि वे प्रशासन के निर्देशों का सख्ती से पालन करें। जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़े पहनने और घर में ही रहने की सलाह दें।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से बिहार में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिसके कारण आम जनजीवन पर ठंड का गहरा असर पड़ा है। प्रशासन द्वारा समय पर उठाए गए इस कदम से बच्चों और अभिभावकों ने राहत की सांस ली है।






