Bole Bharat Times, Patna: पटना के गर्दनीबाग में दोबारा परीक्षा की मांग कर रहे बीपीएससी अभ्यर्थियों को आयोग ने बड़ा झटका दिया है। बीपीएससी ने स्पष्ट कर दिया है कि 70वीं प्रारंभिक परीक्षा को किसी भी हालत में रद्द नहीं किया जाएगा। केवल बापू परीक्षा केंद्र पर हुई गड़बड़ी के कारण उस केंद्र की परीक्षा को रद्द कर दोबारा आयोजित किया जाएगा।
बीपीएससी ने घोषणा की है कि दोबारा परीक्षा 4 जनवरी, 2025 को आयोजित होगी। इस परीक्षा में लगभग 12,000 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जो केवल बापू परीक्षा केंद्र से जुड़े हुए हैं। अन्य किसी भी केंद्र की परीक्षा को रद्द नहीं किया जाएगा।
परीक्षा रद्द करने की मांग खारिज
बीपीएससी के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि किसी अन्य परीक्षा केंद्र से कोई प्रतिकूल रिपोर्ट नहीं मिली है। उन्होंने कहा, “यह मांगें आधारहीन हैं और बीपीएससी इस पर कुछ नहीं कर सकता। पटना के बापू परीक्षा केंद्र पर हमें कुछ विसंगतियां मिली थीं, इसलिए केवल उस केंद्र की परीक्षा रद्द कर दी गई। अन्य किसी केंद्र पर परीक्षा रद्द करने का कोई औचित्य नहीं है।”
बिहार के छात्रों में बीपीएससी के इस फैसले के बाद नाराजगी देखी जा रही है। गर्दनीबाग में प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने मांग की थी कि पूरी परीक्षा को रद्द कर दोबारा आयोजित किया जाए। लेकिन बीपीएससी ने इस मांग को सिरे से खारिज कर दिया।
आयोग ने दोबारा परीक्षा से संबंधित सभी अफवाहों पर विराम लगाते हुए साफ कर दिया है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी केवल एक केंद्र तक सीमित थी। आयोग ने छात्रों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आगामी परीक्षाओं की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करें।







परीक्षा रद्द होना चाहिए