बोले भारत टाइम्स, बेगूसराय: जिले के ओमल थाना क्षेत्र के पपरौर गांव में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां शिल्पी कुमारी नामक एक विवाहित महिला ने अपने चचेरे भाई के साथ प्रेम संबंध के चलते आत्महत्या कर ली। मृतका बरौनी थाना क्षेत्र के पपरौर गांव निवासी मंगल पंडित की पुत्री थी।
कैसे हुई घटना की शुरुआत?
शिल्पी और उसका चचेरा भाई कोचिंग क्लास के दौरान करीब आए, और दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हो गया। जैसे ही परिवार और आस-पड़ोस के लोगों को इस रिश्ते की जानकारी मिली, परिवार ने समाज और लोकलाज को ध्यान में रखते हुए शिल्पी की शादी दिल्ली में रहने वाले एक युवक से कर दी। परिवार को लगा कि शादी के बाद यह मामला ठंडा पड़ जाएगा और सबकुछ ठीक हो जाएगा।
शादी के बाद भी नहीं टूटा संपर्क
हालांकि, शादी के बाद भी शिल्पी अपने चचेरे भाई के संपर्क में रही और नियमित रूप से उससे मोबाइल पर बातचीत करती रही। जब यह बात शिल्पी के पति को पता चली, तो उसने शिल्पी को मायके भेज दिया।
परिवार ने रिश्ते का किया विरोध, शिल्पी ने उठाया खौफनाक कदम
शिल्पी अपने चचेरे भाई से शादी करना चाहती थी, लेकिन परिवार ने इस रिश्ते का सख्त विरोध किया। परिवार और समाज के इस दबाव से निराश होकर शिल्पी ने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठाया।
मृतका के भाई ने अपने चचेरे भाई पर आरोप लगाया है कि उसने शिल्पी को प्रेम जाल में फंसाया और उसे मानसिक रूप से कमजोर किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है।






