पटना: बिहार के सियासी गलियारे से बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज सुबह अचानक राजभवन का रुख किया, जहां उन्होंने बिहार के नए राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक अटकलें तेज हो गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के बीच यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है। चर्चा है कि इस दौरान नीतीश कुमार ने कैबिनेट विस्तार से जुड़े मुद्दों पर राज्यपाल से बातचीत की। बिहार में लंबे समय से मंत्रिमंडल विस्तार का इंतजार हो रहा है और मकर संक्रांति के बाद इस पर मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है।
कैबिनेट विस्तार पर नजरें
नीतीश कैबिनेट में वर्तमान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा सहित कुल 30 मंत्री हैं। हालांकि, अभी भी कैबिनेट में 6 पद खाली हैं। सूत्रों की मानें तो 30 जनवरी से पहले मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
चर्चा है कि इस विस्तार में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के चार नए चेहरे शामिल हो सकते हैं। यह विस्तार आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राजभवन जाने का मतलब?
नीतीश कुमार का अचानक राजभवन पहुंचना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। इसे कैबिनेट विस्तार के लिए राज्यपाल की सहमति लेने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, इस बैठक को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
आगामी दिनों में बिहार की राजनीति में और हलचल देखने को मिल सकती है। सभी की निगाहें अब नीतीश कैबिनेट विस्तार और उसमें शामिल होने वाले नए चेहरों पर टिकी हुई हैं।





