BPSC आंदोलन को लेकर पटना पुलिस सख्त, गुरु रहमान को नोटिस जारी

0
9

पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के 70वीं प्रारंभिक परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर चल रहे विवाद के बीच पटना पुलिस ने गुरु रहमान को नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि गुरु रहमान द्वारा गर्दनीबाग धरना स्थल पर प्रदर्शन कर रहे BPSC अभ्यर्थियों को उकसाने और पेपर लीक मामले में पुनः परीक्षा की मांग को लेकर समर्थन देने का आरोप है।

नोटिस में गुरु रहमान को निर्देश दिया गया है कि अगर उनके पास 70वीं BPSC प्रारंभिक परीक्षा पेपर लीक मामले से संबंधित कोई साक्ष्य या दस्तावेज हैं, तो उन्हें 28 दिसंबर 2024 को सुबह 11:00 बजे गर्दनीबाग थाने में उपस्थित होकर प्रस्तुत करना होगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अगर वे निर्धारित समय पर थाने में पेश नहीं होते हैं, तो यह माना जाएगा कि उनकी गतिविधियां जानबूझकर BPSC की छवि को धूमिल करने के लिए की जा रही हैं।

दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी

नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि अनुपालन न करने की स्थिति में उनके खिलाफ BNSS की धारा-94 और U/S-210 B.N.S. के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में पुलिस ने कहा कि यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि सरकारी संस्थानों की छवि को बचाया जा सके और किसी भी प्रकार की अफवाह या गलत जानकारी को रोका जा सके।

पटना पुलिस इस मामले में सख्त रुख अपनाए हुए है। नोटिस में गुरु रहमान पर अप्रत्यक्ष रूप से अभ्यर्थियों को उकसाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि अगर वे पेश नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

BPSC पेपर लीक मामले को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। एक तरफ अभ्यर्थी न्याय की मांग कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ प्रशासन इस मामले को लेकर कार्रवाई में जुटा हुआ है। अब यह देखना होगा कि गुरु रहमान थाने में पेश होते हैं या नहीं और इस मामले में आगे क्या रुख अपनाया जाता है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें