BREAKING NEWS: बाहुबली हुलास पांडेय के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी

0
49
Breaking news

पटना: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने आज सुबह से बिहार के बाहुबली और लोजपा (रामविलास) के वरिष्ठ नेता हुलास पांडेय के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी शुरू की है। यह कार्रवाई पटना के गोला रोड स्थित उनके आवास, दिल्ली, और बेंगलुरु में मौजूद अन्य ठिकानों पर चल रही है।

सूत्रों के अनुसार, ईडी को हुलास पांडे से जुड़े वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों को लेकर कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, छापेमारी के दौरान अभी तक किसी बड़ी बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कौन हैं हुलास पांडेय?

हुलास पांडेय बिहार के एक चर्चित पूर्व विधायक और बाहुबली नेता माने जाते हैं। वे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के करीबी सहयोगी हैं और लोजपा (रामविलास) के एक प्रमुख नेता हैं। हुलास पांडे के बड़े भाई सुनील पांडेय का भी बिहार की राजनीति में बड़ा प्रभाव है।

सुनील पांडेय के बेटे विशाल प्रशांत वर्तमान में बिहार के तरारी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और उन्होंने हाल ही में हुए उपचुनाव में भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की थी। इस उपचुनाव में हुलास पांडेय ने अपने भतीजे की जीत सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

हुलास पांडेय के एनडीए के बड़े नेताओं से भी अच्छे संबंध माने जाते हैं। उनके भाई सुनील पांडेय ने पशुपति पारस के नेतृत्व वाली रालोजपा छोड़कर भाजपा का दामन थामा था।

ईडी की यह छापेमारी कथित तौर पर हुलास पांडेय के वित्तीय लेन-देन, आय से अधिक संपत्ति, और अन्य आर्थिक गड़बड़ियों से संबंधित है। हालांकि, अभी तक इस कार्रवाई का कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है। ईडी की टीम की यह कार्रवाई अब भी जारी है। फिलहाल, एजेंसी द्वारा किसी भी बरामदगी या निष्कर्ष को लेकर आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें