बोले भारत टाइम्स, पटना: BPSC 70वीं PT परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर पटना के गर्दनीबाग में अभ्यर्थियों का धरना चल रहा है। सोमवार शाम से ही अभ्यर्थियों के समर्थन में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव भी धरने पर बैठे हैं। खास बात यह है कि आज पप्पू यादव का जन्मदिन है, लेकिन इसके बावजूद वे छात्रों के पक्ष में आवाज उठा रहे हैं।
सांसद पप्पू यादव ने सभी विपक्षी दलों से इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा, “सभी विपक्षी दलों को एकजुट होकर विरोध का हिस्सा बनना चाहिए। साथ ही सत्ताधारी दल के विधायकों और सांसदों को घर से बाहर नहीं निकलने देना चाहिए।”
गौरतलब है कि बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 13 दिसंबर को 70वीं PT परीक्षा आयोजित की थी। इस दौरान पेपर मिलने में देरी और पेपर लीक होने का आरोप लगाते हुए छात्रों ने पटना के बापू भवन परीक्षा केंद्र पर जमकर हंगामा किया था। इसके बाद BPSC ने सिर्फ उस परीक्षा केंद्र की परीक्षा रद्द की।
हालांकि, आंदोलनकारी अभ्यर्थी पूरी परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है, इसलिए इसे दोबारा आयोजित किया जाना चाहिए।
अभी भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी गर्दनीबाग में प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रशासन स्थिति को संभालने के लिए सतर्क है, लेकिन अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, उनका आंदोलन जारी रहेगा।






