विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने CM नीतीश कुमार के पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने हालांकि बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर तंज भी कसा है।
मुकेश सहनी ने आज X पर पोस्ट करते हुए नीतीश कुमार के स्वस्थ होने की कामना करते हुए लिखा कि CM नीतीश कुमार के तबियत बिगड़ने का समाचार प्राप्त हुआ, मैं ईश्वर से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। उन्होंने अपने पोस्ट में आगे कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जानते हैं कि उनके राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था कैसी है, अगर ऐसा नहीं होता तो वह स्वयं का इलाज पटना के प्राइवेट अस्पताल मेदांता में न करा रहे होते। आप स्वयं 18 वर्षो से बिहार के मुख्यमंत्री उर्फ सुशासन बाबू होने के पश्चात् पटना राजधानी के किसी सरकारी अस्पताल पर अपना विश्वास नहीं दिखा पा रहे तो सोचिए ग्रामीण क्षेत्रों में क्या स्थिति होगी |

सहनी ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को खुद सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर विश्वास नहीं है। 18 सालों से बिहार के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर विराजमान सीएम नीतीश कुमार प्राइवेट अस्पताल मेदांता में इलाज करवा रहे हैं। कहने को तो सरकार विकास का दंभ भरते स्वास्थ्य के विकास पर क्या कुछ नहीं कहती, लेकिन हकीकत सामने है। काश! नीतीश कुमार जी प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल PMCH या किसी अन्य अस्पताल में अपना इलाज करवाते। शायद उन्हें भी प्रदेश के स्वास्थ्य व्यवस्था की सही स्थिति का पता चल पाता।





